रोहतक सीआईए-1 के एएसआई विनोद ने आईएमटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने बताया कि वह खरावड़ रेलवे फाटक के पास गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि डीघल रोड पर एक बिना नंबर की इनोवा कार में 3-4 युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं।
इस सूचना पर जब पुलिस पार्टी डीघल रोड पर खरावड़ रेलवे फाटक से करीब 2 किलोमीटर दूर पहुंची तो सड़क के बाईं ओर एक कार खड़ी थी। जब वे उसके पास पहुंचे तो एक युवक ने हाथ से गाड़ी को रोकने का इशारा किया। जैसे ही गाड़ी रुकी तो उस युवक ने पिस्तौल निकाल ली और पिस्तौल तानकर खड़ा हो गया। इसी दौरान खेतों से तीन युवक हथियारों के साथ आए और गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
आरोपियों में से एक ने ड्राइवर पर चाकू लगा दिया। दूसरे ने एएसआई विनोद की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। वहीं एक युवक गाड़ी के पीछे खड़ा हो गया। चारों युवकों ने एक साथ कहा कि जान प्यारी है तो गाड़ी छोड़कर भाग जाओ, नहीं तो गाली मार देंगे।
इसी दौरान पुलिस पार्टी ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों युवकों को हथियारों सहित काबू किया। जिनकी पहचान रोहतक के गांव खरावड़ निवासी अनिल उर्फ लीला, रोहतक के गांव टिटौली निवासी मनोज उर्फ छाया, रोहतक के गांव जसिया निवासी धर्मबीर व गांव टिटौली निवासी राजेंद्र उर्फ लुला के रूप में हुई। जिनके पास से 2 पिस्तौल, एक चाकू व डंडा सहित अन्य हथियार बरामद हुए। जिनके खिलाफ थाना आईएमटी में केस दर्ज किया गया है।
