हिसार के आजाद नगर से रात में एक प्राइवेट बस श्रद्धालुओं को लेकर सिरसा के सिकंदरपुर स्थित डेरा राधा स्वामी के लिए निकली। इसमें सभी श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते जा रहे थे। जब बस फतेहाबाद के गांव बड़ोपल और धांगड़ के बीच होटल कमल कीकू के पास पहुंची, तो अचानक बस के पिछले टायर ने आग पकड़ ली।

इसके बारे में बस में मौजूद किसी भी सवारी या ड्राइवर को पता नहीं चल पाया। कुछ देर बाद पास से गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों ने चिल्लाकर इसके बारे में बस के ड्राइवर को सूचना दी। ड्राइवर ने फौरन बस रोकी और नीचे उतरकर बस का मुआयना किया।

बस के पीछे के टायर में आग लगी देखकर उसने फौरन यात्रियों को बस से उतरने के लिए कहा। उसने बस को पीटकर लोगों को आगाह किया था। इसके बाद बस के सभी यात्री तेजी से बस से उतरने लगे। यात्रियों में थोड़ी हड़बड़ाहट भी थी, लेकिन बिना किसी नुकसान के सभी यात्रियों ने बस खाली कर दी।

इसी के साथ ड्राइवर ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। साथी ही ट्रैवलिंग एजेंसी में घटना की सूचना देकर यात्रियों के लिए दूसरी बस मंगाई। थोड़ी देर में एजेंसी की दूसरी बस आ गई, जिसमें बैठकर सभी श्रद्धालुओं को सिरसा के लिए रवाना किया गया।

वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ी देरी से पहुंची, तब तक पूरी बस जल चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने आकर बस में सुलग रही आग बुझाई।

बता दें कि राधा स्वामी डेरा सिकंदरपुर, सिरसा में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को 2 दिवसीय सालाना सत्संग और भंडारा आयोजित हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान और दिल्ली सहित आसपास के राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!