हरियाणा विधानसभा चुनाव में 48 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बना चुकी भाजपा अब भी हारी सीटों का मंथन करने में लगी हुई है। अभी तक हुए मंथन में पार्टी के बागियों के अलावा BJP उम्मीदवारों को हराने में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका होने की बात सामने आई है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद पार्टी के हारे हुए कैंडिडेट्स के बाद अब विधायकों से इनपुट ले रहे हैं। अब तक जो इनपुट मिले हैं, उसके हिसाब से चुनाव में उन अधिकारियों और कर्मचारियों ने भीतरघात किया है, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में लगे थे।
इनकी लिस्ट भी पार्टी के विधायकों ने CM सैनी को सौंप दी है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि इन अधिकारियों में HAS और HPS लेवल के अधिकारियों के साथ कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी शामिल हैं। जल्द ही सरकार इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करेगी।
हरियाणा CM सैनी चुनाव में अधिकारियों के रवैये को लेकर हारे हुए उम्मीदवारों के बाद विधायकों और मंत्रियों से इनपुट ले रहे हैं। बीते सोमवार और मंगलवार को CM ने पार्टी विधायकों और मंत्रियों के साथ मीटिंग की। इस मीटिंग में विधायकों और मंत्रियों ने चुनाव में अधिकारियों के एकपक्षीय रवैये की शिकायत की।
कुछ विधायकों ने अधिकारियों की लिस्ट के साथ उसके सबूत भी सौंपे। इन सबूतों के अनुसार, प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राउंड पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के उम्मीदवारों के पक्ष में काम किया।
