रोहतक साइबर थाना टीम ने शेयर मार्केट मे पैसा कमाने का झांसा देकर 1 करोड़ 23 लाख 50 हजार की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया

थाना साइबर निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि दिल्ली निवासी सुधीर ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि सुधीर खरावड में स्थित कम्पनी में काम करता है। 27 जुलाई को सुधीर को शेयर मार्केट में पैसे लगाने का मैसेज मिला। जिसने अपना नाम रकुल बताया। 1 अगस्त को रकुल ने दूसरे नम्बर से बजरिया व्हाट्सएप स्टॉक मार्केट मे रुपए इन्वेस्ट करने का फॉर्म भेजा।
रकुल ने सुधीर से जानकारी लेकर फॉर्म भरकर भेजा तो सुधीर की बात साक्षी नाम महिला से हुई। साक्षी ने फॉयरस सिक्योरिटी कंपनी पर रुपए लगाने के लिए लिंक भेजा। उन्होंने खातों में अलग-अलग कंपनी के नाम से पैसे ट्रांसफर किए। सुधीर को उन्होंने 30 लाख रुपए का लोन लेने बारे कहा। उन्होंने सुधीर को लोन के नकली कागजात भेजे।

जब अपने लगाए हुए पैसे निकालने चाहे तो पैसे नहीं निकले। सुधीर को कहा गया कि पहले लोन के 30 लाख रुपए जमा करे। सुधीर ने उनके कहे अनुसार अलग-अलग खातों मे कुल 1 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे ठगी का एहसास हुआ।
जांच के दौरान 21 नवंबर को आरोपी अमन निवासी रोहिला टोला पुराना शहर थाना बरेली उत्तर प्रदेश और 22 नवंबर को नईम निवासी गांव रामपुर जिला बरेली उत्तर प्रदेश, शाहिर निवासी गांव रायपुर थाना जिला बरेली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपियों से दौरान जांच 57,500 रुपए और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया।
आरोपी नईम और शाहिर विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप चलाते थे। गिरोह में शामिल रहे चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
