हरियाणा में उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा, यहां 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हवाओं के चलने से लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिली है। प्रदेश में अंबाला और पलवल की हवा सबसे साफ रही, लेकिन सिरसा में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 322 दर्ज किया गया।

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 30 नवंबर तक रात के तापमान में मामूली गिरावट और हल्का कोहरा व स्मॉग रहने की संभावना है। रात में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव के कारण 1 और 2 दिसंबर को बादल छाए रहने से रात के तापमान में गिरावट आएगी।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है, उनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, महेंद्रगढ़, सिरसा, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं।
मौसम विभाग ने इन जिलों में दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही वाहन चालकों को सचेत किया गया है कि कोहरे के दौरान अपने वाहनों में फॉग लैंप और अन्य जरूरी सुविधाएं साथ रखें।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने के कारण सुबह व रात में हल्का से मध्यम कोहरा या स्मॉग छा सकता है।
इस दौरान रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी और दिन के तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है। रात के तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है।
