हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर रोहतक जिले में 4 व 5 अक्टूबर को सभी विद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसका कारण यह है कि 4 अक्टूबर को चुनाव सामग्री वितरित की जाएगी। वहीं पोलिंग पार्टियां शाम को ही व्यवस्था संभाल लेंगी। इसके बाद 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी।
जिले की बात करें तो चार विधानसभाएं (रोहतक, महम, कलानौर व गढ़ी-सांपला-किलोई) हैं। जबकि रोहतक जिले में कुल वोटर 8 लाख 31 हजार 166 हैं और कुल 831 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 4 विधानसभा सीट पर कुल 56 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

रोहतक DC एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 के दृष्टिगत जिला में स्थित सभी राजकीय, अर्ध राजकीय एवं निजी विद्यालयों में 4 व 5 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को इन आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं। जिले में ज्यादातर मतदान केंद्र सरकारी, अर्ध सरकारी व निजी विद्यालयों के भवनों में भी स्थापित किए गए हैं। इसी के दृष्टिगत विद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
हरियाणा विधानसभा आम चुनाव के दृष्टिगत जाट शिक्षण संस्थान के प्रधान को 4 व 8 अक्टूबर को शिक्षण संस्थान में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि सभी शिक्षण संस्थान के मुखिया अपने संस्थान के ग्रुप-डी के कर्मचारियों व इलेक्ट्रिशियन के साथ संस्थान में उपस्थित रहेंगे।
भारतीय चुनाव आयोग की हिदायतों अनुसार मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में मतदान के दिन ना तो प्रचार किया जा सकता है तथा ना ही राजनीतिक दल अथवा चुनाव प्रत्याशी द्वारा बूथ स्थापित किया जा सकता है। 200 मीटर के बाहर भी 10 बाई 10 फीट के बूथ में भी केवल दो मेज और कुर्सी लगाई जा सकती हैं, यहां किसी प्रकार का पोस्टर, झंडा या चुनाव चिह्न नहीं लगाया जा सकता।
