हरियाणा में आज से मानसून 4 दिन कमजोर रहेगा। इस दौरान कुछ जिलों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। हालांकि बारिश की संभावनाएं बहुत कम हैं, लेकिन सुबह-शाम चलने वाली मानसूनी हवाएं ठंडक का एहसास कराएंगी। मौसम की सक्रियता कम होने के कारण 24 घंटे में 0.2 डिग्री पारे में बढ़ोतरी हुई है।
अब दिन का तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री तक कम हो चुका है। सबसे अधिक 35.7 डिग्री तापमान सिरसा में रहा, जबकि सबसे कम 27.1 गुरुग्राम में दर्ज किया गया।
मानसून ट्रफ की सामान्य स्थिति उत्तर की तरफ बने रहने से मानसून में सक्रियता अगले 3 से 4 दिन कम रहेगी। 9 सितंबर से 12 सितंबर के दौरान राज्य के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में मौसम परिवर्तनशील तथा कहीं कहीं हल्की बारिश की ही संभावना है।
पश्चिमी हरियाणा में आंशिक बादलवाई और कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने तथा वातावरण में नमी कम हो जाने की संभावना है।
