कोरोना की तीसरी लहर के लिए पीजीआई प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए पीजीआई में 200 बेड के आईसीयू की व्यवस्था की जा रही है। इनमें से 64 बेड 30 जुलाई तक तैयार हो जाएंगे। 100 बेड की आईसीयू एक निजी फाउंडेशन की ओर से मदद के तौर पर तैयार की जा रही है। उक्त जानकारी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ओपी कालरा ने अपने कार्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी है।
उन्होंने कहा कि न्यूरो सर्जरी की 10 बेड आईसीयू के अलावा बच्चों के लिए 100 बेड की आईसीयू बनाई जाएगी। यहां बीमार बच्चों के नहीं आने पर बड़ों को भी भर्ती किया जा सकेगा। बच्चों का इलाज आसान बनाने के लिए संस्थान में 20 बेड का पीडियाट्रिक आईसीयू बनाया जाएगा। इसे अलग विभाग के रूप में विकसित करने की मंजूरी मिल गई है। साथ ही पीडियाट्रिक आईसीयू के लिए चिकित्सकों के नौ पद स्वीकृत हो गए हैं।
