हरियाणा में आज यानी बुधवार को फिर से मानसून एक्टिव होगा। मौसम विभाग ने आज 15 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में तेज बारिश आ सकती है। अधिकतर शहरों में बादल छाए हुए हैं।
हालांकि 4 दिन से अधिकतर शहरों में बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं। 24 घंटे के दौरान सिरसा जिला सबसे गर्म दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री रहा।
हरियाणा में 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश रोहतक और करनाल में दर्ज की गई है। करनाल में 11.5 MM और रोहतक में 11.0 MM बारिश हुई है। इन जिलों के अलावा अंबाला में 9.0 MM, रेवाड़ी में 4.5 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा के सिर्फ 2 जिलों को छोड़ बाकी जिलों में सूखे की स्थिति बनी रही है। रोहतक व करनाल में सामान्य से 70%, अंबाला में 58%, भिवानी में 48%, कैथल में 51%, पंचकूला में 46%, सोनीपत में 55% और यमुनानगर में 40% कम बारिश दर्ज की गई। सिर्फ महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून मध्य भारत में अब तक ज्यादा एक्टिव रहा है, क्योंकि उत्तर भारत की तरफ कोई दबाव का क्षेत्र नहीं बन पाया। बीच में पंजाब में 2 दिन के लिए क्षेत्र बना था जिससे हरियाणा में बारिश हुई थी।
मगर, अब बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं फिर से हरियाणा में एंट्री कर रही हैं। वहीं टर्फ रेखा उत्तर की ओर सामान्य स्थिति में आ रही है। इसके कारण 31 जुलाई रात से 2 अगस्त तक हरियाणा में बारिश के आसार हैं।
