रोहतक के गांव मोखरा में 65 वर्षीय ईश्वर ने बहु अकबरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि वह अपने घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही कोकी और राजेश नामक व्यक्ति उसके घर पर आए। वे शराब के नशे में थे। वे उसके बेटे विजय को बुलाने लगे। इसके बाद दोनों व्यक्ति वहीं बैठकर शराब पीने लगे। ईश्वर ने जब उन्हें घर पर शराब पीने से रोका तो उन्होंने उसकी एक नहीं सुनी और उनसे तंग आकर वह घर से बाहर निकल आया।

इसके बाद ईश्वर ने दोनों को उनके घर से जाने के लिए कहा। जिस कारण दोनों गाली-गलौज करने लगे और झगड़े पर उतारू हो गए। उन्होंने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। वहीं जान से मारने की धमकी भी दी। इस झगड़े में घायल को उपचार के लिए महम के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इधर, मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
