जोधपुर के एम्स रोड पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ऑडी कार ने 11 लोगों को उड़ा दिया। इस हादसे में 16 साल के लड़के की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। यह हादसा जिसने भी देखा, उसका दिल दहल उठा। कार चालक ऑडी से अपना नियंत्रण खो बैठा और कार आगे आने वालों को टक्कर मारती हुई सड़क किनारे खोखे से जा टकराई।

शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के नंदनवन ग्रीन में रहने वाले 50 साल के अमित नागर अपनी ऑडी कार लेकर जा रहे थे। पाल रोड से एम्स की तरफ जाते समय पेट्रोल पंप से ठीक पहले भीड़ के बीच कार अचानक बेकाबू हो गई। सीसीटीवी फुटेज से साफ नजर आ रहा है कि कार के आगे कुछ बाइक सवार जा रहे हैं। इस बीच पीछे से निकल कर ऑडी कार ने सबसे पहले एक एक्टिवा सवार को पीछे से टक्कर मारी। एक्टिवा सवार हवा में उछल गया। इसके आगे तो कार की रफ्तार और तेज हो गई।

आगे चल रहे लोग कुछ संभल पाते तब तक कार ने एक मोटर साइकिल और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। खिलौनों के समान उछलते वाहनों के साथ उनके चालक भी हवा में दिखे। इसके बाद कार ने वहां सड़क किनारे बनी झोपड़ियों के बाहर से निकल रहे एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। झोपड़ियों के बाहर खड़े कुछ लोगों को चपेट में लेने के बाद कार अपने आप थम गई। कार के रुकते ही कार चला रहा अमित वहां से निकल कर सीधे बासनी पुलिस थाने पहुंच गया। सभी घायलों का एम्स में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी जोधपुर पहुंचते ही घायलों से मिलने पहुंचे।

नंदनवन ग्रीन में रहने वाले 50 साल के अमित नागर की भारत इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन के नाम से ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री है। इसमें सेफ्टी वॉल्व बनाए जाते हैं। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर फैक्ट्री है। उनके साथियों का कहना है कि अमित के हाथ से ऐसा हादसा समझ से परे है। संभवत: कार में कोई खराबी आ गई होगी। उसी वजह से कार बेकाबू हो गई होगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!