हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो रही है। इसके लिए BJP और कांग्रेस के प्रत्याशियों की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। गुरुग्राम से भाजपा के उम्मीदवार राव इंद्रजीत अकेले ऐसे उम्मीदवार हैं, जो 29 अप्रैल को नामांकन एत्र भरेंगे। हरियाणा भाजपा के प्रभारी बिप्लब देब नामांकन के समय उनके साथ मौजूद रहेंगे।
वहीं CM नायब सिंह सैनी एक मई को अंबाला से कैंडिडेट बंतो कटारिया का नामांकन करवाएंगे, जबकि दो मई को भाजपा प्रभारी बिप्लब देब भिवानी-महेंद्रगढ़ के उम्मीदवार चौधरी धर्मबीर सिंह का नामांकन दाखिल करने के दौरान साथ रहेंगे।
2 मई को कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल अपना नामांकन करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसी दिन हिसार के उम्मीदवार चौधरी रणजीत सिंह चौटाला अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल उनके साथ होंगे।
तीन मई को सोनीपत के उम्मीदवार मोहन लाल बड़ौली, रोहतक के उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा नामांकन पत्र भरेंगे। मोहन लाल और डॉ. अरविंद शर्मा के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी मौजूद रहेंगे। चार मई को सिरसा के उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर का नामांकन बिप्लब देब कराएंगे, जबकि पांच मई को कोई नामांकन नहीं होगा।
छह मई को फरीदाबाद के भाजपा उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर का नामांकन बिप्लब देब कराने जाएंगे। करनाल के भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व सीएम मनोहर लाल लोकसभा सीट के लिए तथा करनाल विधानसभा सीट के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
वहीं हरियाणा कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख चांदवीर हुड्डा ने बताया कि एक मई को सोनीपत के उम्मीदवार सतपाल ब्रह्मचारी और करनाल के उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। दो मई को अंबाला के उम्मीदवार चौधरी वरुण मुलाना नामांकन करेंगे। तीन को भिवानी-महेंद्रगढ़ के उम्मीदवार राव दान सिंह का नामांकन होगा, जबकि चार को रोहतक के उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा का नामांकन दाखिल रोगा।
