गुरुग्राम में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने मस्जिद के बाहर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर लोग बाहर दौड़े तो बदमाश फरार हो गए। देवीलाल नगर में सोमवार देर रात हुई वारदात का पता चलते ही पुलिस वहां पहुंची। चश्मदीद के मुताबिक बदमाश जबरन मस्जिद का गेट खुलवाना चाहते थे। यह सारी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसकी फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को वहां से गोली का खोल भी मिला है। स्कॉर्पियो गाड़ी के नंबर के आधार पर गोली चलाने वालों की तलाश की जा रही है।

चश्मदीद अब्दुल हफी के मुताबिक सोमवार देर रात करीब पौने 11 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी देवी लाल नगर की गली नंबर 9 में पहुंची और गली में मुड़ने लगी, लेकिन एक मकान के बाहर बनी थड़ी (ऊंची जगह) पर चढ़ने की बजाय गाड़ी रुक गई। स्कॉर्पियो सवार ने उन्हें गाड़ी के आगे पत्थर होने की बात कहकर उसे हटाने के लिए कहा। जब अब्दुल हफीज ने उसे पत्थर न होने की बात कही तो स्कॉर्पियो सवार ने गाड़ी को पीछे करके दोबारा गाड़ी थड़ी पर चढ़ा दी। इस पर मकान मालिक नीचे उतर आया।

इसके बाद स्कॉर्पियो सवार ने अपनी गाड़ी को रोका और उसमें से दो युवक उतरकर आए और मस्जिद का गेट खुलवाने का प्रयास करने लगे। इस पर उन्होंने मस्जिद का गेट सुबह खुलने की बात कही तो वह भड़क गए और अभद्रता करते हुए वापस जाने लगे।इसी दौरान एक युवक ने पहले उनके कंधे पर हाथ रखा और गोली मारने की बात कहते हुए अचानक गोली चला दी। जिसके बाद वह मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घर से बाहर आ गए और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने यहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। सेक्टर 9 ए थाना प्रभारी रामबीर सिंह ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में स्कॉर्पियो गाड़ी आते हुए दिखाई दे रही है जो कुछ देर के लिए गेट के पास रुकी है। इसमें से दो युवक निकलकर आए हैं। जो सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए हैं।

मौके से गोली का खोल भी बरामद कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!