रोहतक के गांव भैणी चंद्रपाल में एक व्यक्ति की उसके भाई और 2 भतीजों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाए हैं कि उन्होंने जमीनी बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में इस हत्या को अंजाम दिया है। इधर, पुलिस ने बाप-बेटों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

रोहतक के गांव भैणी चंद्रपाल निवासी अनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति करीब 52 वर्षीय रूप सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। सबसे बड़े फूल सिंह और दूसरे नंबर के अजमेर हैं। सभी अपने अलग-अलग मकान में रहते हैं। अनीता ने आरोप लगाए कि उनका व उसके जेठ अजमेर का आपस में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है।

पीड़िता ने बताया कि सोमवार रात को वह और उसका पति रूप सिंह घर पर ही थे। उसने आरोप लगाए कि देर शाम को उसका जेठ अजमेर और जेठ के लड़के मोहित व रसुक उनके घर का गेट खोलकर अंदर आ गए। उनके हाथों में पिस्तौल थी। अजमेर ने आते ही कहा कि तुम्हारे को आज मजा चखाते हैं। जिसके बाद आरोपियों ने रूप सिंह पर गोली चला दी।

अनीता ने शिकायत में बताया कि गोली उसके पति रूप सिंह की छाती में जा लगी। जब वह अपने पति को संभालने लगी तो उसे भी धक्का देकर आंगन में गिरा दिया। वहीं, तीनों आरोपी हथियारों के साथ वहां से फरार हो गए। उसने शक जताया कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसके बाद वह अपने पड़ोसियों की मदद से पति को महम अस्पताल में लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि जमीनी विवाद में उसके पति की गोली मारकर हत्या की गई है। वहीं, मौके पर कारतूस भी मिले हैं। घटना के बाद पुलिस व एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। इधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों बाप-बेटों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!