रोहतक में रविवार (3 मार्च) रात IAS अफसर की कार का एक्सीडेंट हो गया। कार सवार IAS की कार को टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। हालांकि, एक्सीडेंट में IAS अफसर और उनका भाई बाल-बाल बच गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
जींद के जुलाना के वार्ड नंबर 1 निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई IAS रिंकू लाठर त्रिपुरा में SDM के पद पर तैनात हैं। रविवार रात वह रिंकू के साथ जुलाना से रोहतक आ रहे थे। रात करीब साढ़े 9 बजे रोहतक में घरौंठी मोड़ के नजदीक पहुंचे तो पीछे से एक ड्राइवर स्पीड में लापरवाही से कार चलाता हुआ आया और उनकी कार को टक्कर मार दी।
सतीश ने आरोप लगाया कि आरोपी ड्राइवर शराब के नशे में था। टक्कर लगने के कारण उनकी कार सड़क से उतरकर झाड़ियों में चली गई। वह जब तक कार से उतरे, आरोपी ड्राइवर फरार हो चुका था। घटना में दोनों भाई बाल-बाल बच गए।
