रोहतक मे दुकानदार सुनील कुमार ने बताया कि सांपला के रेलवे रोड पर उसकी सीताराम हलवाई के नाम से मिठाई की दुकान है। बुधवार सुबह करीब सवा 6 बजे कारिंदे सफाई का काम करने के लिए दुकान का शटर खोल रहे थे। 6:19 बजे एक काली रंग की स्कार्पियो दुकान के बाहर आकर रुकी। गाड़ी से कोई नहीं उतरा। उसके शीशे भी काले थे।

उस दौरान दूधिया भी दूध देने के लिए आया हुआ था। करीब एक मिनट बाद कार पीछे हुई और दुकान पर बदमाशों ने शीशा नीचे कर गोलियां चलाई। वहां मौजूद लोग एक दम सहम गए। इसके बाद बदमाश गाड़ी लेकर फरार हो गए। स्कार्पियो में करीब 5 से 6 बदमाश थे।

कार जाने के बाद वहां एक पर्ची पड़ी हुई थी। दूध देने वाले ने चेक किया तो उसमें लिखा था कि एक करोड़ रुपए का इंतजाम रखना, नहीं तो दुकान चलाने वाले को मार दिया जाएगा। पर्ची पर अमन भैंसवाल और भाऊ गैंग का नाम लिखा हुआ था।

सांपला थाना के SHO सुलेंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। भाऊ गैंग द्वारा एक करोड़ की रंगदारी का पत्र फेंका गया है। जिसके बाद पुलिस ने 3 टीमें गठित कर दी हैं और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
