हरियाणा CM विंडो पर आई शिकायत पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने CM विंडो पर दर्ज प्लॉट के अलॉटमेंट लेटर समय पर जारी न करने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शहरी स्थानीय निकाय, भिवानी के कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भिवानी के अशोक कॉलोनी के रहने वाले शंकर ने सीएम विंडो पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसमें बताया गया कि वर्ष 1985 में बोली के तहत उसने नगर परिषद भिवानी से एक प्लॉट खरीदा था। उसने प्लॉट के मूल्य की एक चौथाई राशि तथा सिक्योरिटी का पैसा जमा करवा दिया था। लेकिन नगर परिषद द्वारा उसे आज तक प्लॉट का अलॉटमेंट लेटर जारी नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री की ओर से इस मामले में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव को संबंधित मामले में कार्रवाई कर अतिशीघ्र रिपोर्ट भिजवाने के भी निर्देश दिए हैं। OSD भूपेश्वर दयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री न केवल सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हैं, बल्कि वे अन्य माध्यमों से प्राप्त नागरिकों के प्रतिवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाते हैं।
इसलिए अधिकारी व कर्मचारी जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और अपने कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या कोताही न बरतें। ऐसा न करने वालों पर समय-समय पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
