हरियाणा के रोहतक के गांव सीसर खास में प्राइवेट स्कूल के टीचर की हत्या कर दी गई। टीचर शराब के नशे में धुत्त होकर आए खेत के पड़ोसी को घर छोड़ने गया था। इसी दौरान शराबी ने टीचर को छत से धक्का दे दिया। सिर व शरीर पर अन्य जगह चोटें आई। परिजन उसे गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई में लेकर आए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के 2 दिन बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
जानकारी अनुसार रोहतक के गांव सीसर खास निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई वीरेंद्र प्राइवेट स्कूल में टीचर है। वहीं गांव का ही अनिल उनका ही खेत का पड़ोसी है। 6 जनवरी की शाम को करीब साढ़े 7 बजे अनिल शराब के नशे में उनके घर पर आया। इस दौरान वीरेंद्र ने अनिल को उसके घर पर छोड़ने के लिए कहा। पहली बार तो अनिल को कुछ दूर तक छोड़कर आ गए। लेकिन अनिल वापस दोबारा से उनके घर पर आ गया।
नरेंद्र ने कहा कि दोबारा से घर आया तो वह गाली-गलौज करने लगा। जिसके बाद वीरेंद्र खुद अनिल को उसके घर पर छोड़ने के लिए चला गया। कुछ समय बाद अनिल के चचेरे भाई ने फोन करके बताया कि वीरेंद्र छत से गिर गया और उसे चोट लग गई। जब वह अनिल के घर पहुंचा तो अनिल की मां ने कहा कि वीरेंद्र को घायल होने के कारण अस्पताल में लेकर गए है। स्थानीय अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
उन्होंने बताया कि रोहतक पीजीआई में डॉक्टरों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिल ने अपने घर की छत से धक्का देकर वीरेंद्र को गिराया है। जिसके कारण वीरेंद्र के सिर व अन्य शरीर पर चोटें आई। जिसके कारण मौत हो गई। वहीं आरोपी भी मौके से फरार हो गया। जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मृतक वीरेंद्र को दो बच्चे (एक बेटा व एक बेटी) हैं।
पुलिस थाना के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या का मामला दर्ज करके सख्ती से जांच कर रही है। जल्दी ही आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे पहले वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया था, ताकि हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सके।
