रोहतक में तीन दिन से दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के बैनर तले पटवारी व कानूनगो हड़ताल पर हैं। 3 जनवरी से शुरू की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। जिसके कारण जमीन रिकॉर्ड, डोमिशल, जाति प्रमाण पत्र आदि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोग तहसीलों में पहुंच रहे हैं, लेकिन उनके काम नहीं बनते। जिसके कारण उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन रोहतक के वरिष्ठ उप प्रधान मीनाक्षी व सचिव रवि पटवारी ने बताया कि तीन दिन से पटवारी व कानूनगो हड़ताल पर बैठे हैं। लेकिन अभी तक सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी। जिसके कारण पटवारियों में रोष है। अगर मांग नहीं मानती है तो हड़ताल को आगे बढ़ाया जाएगा।
रोहतक निवासी तपिश ने बताया कि वह अपनी जमाबंदी को ठीक करवाने के लिए आया था। उसकी मां का नाम वीना देवी से मीना देवी करवाना है। इसके लिए वह तीन-चार दिनों से चक्कर काट रहा है। लेकिन ठीक नहीं हो रहा। पटवारी के पास आया तो गेट पर ताला लगा हुआ था। जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा ने मांग की कि पटवारी-कानूनगो के बढ़ाए गए वेतन को 1 जनवरी 2016 से नोटिफिकेशन व 25 जनवरी 2023 से वास्तविक रूप से लागू करवाई जाए। नायब तहसीलदार की तीन साल से लंबित विभागीय परीक्षा करवाई जाए। साथ ही कौशल रोजगार निगम के तहत भर्ती ना करके पटवारियों की स्थायी भर्ती करवाई जाए।
