साल के अंतिम दो दिनों में साइबर ठगी की 20 वारदातें हुईं। जबकि रविवार को ही 8 लोग ठगी के शिकार हो गए। इसमें चमारिया के युवक का दोस्त बनकर 6 लाख रुपए की ठगी की गई है। चमारिया के राजेश कुमार ने बताया कि 16 दिसंबर को उनके पास एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम सुखदेव बताया। उसने बताया कि वह आस्ट्रेलिया में फंस गया है। इसके बाद उसने कहा कि आपके खाते में 12.75 लाख रुपए ट्रांसफर किए हैं। 6 लाख रुपया एजेंट को दे देना। नंबर एजेंट को दे दिया है और वह संपर्क कर लेगा। आरोपी के कॉल कट करते ही एजेंट का कॉल आया। उसने कहा कि सुखदेव ने नंबर दिया है। इस पर पीड़ित ने 6 लाख रुपया एजेंट के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब पीड़ित ने अपना खाता चेक किया तो कोई पैसा नहीं आया।शिव कॉलोनी के ऋतिक ने बताया कि 23 दिसंबर को पार्ट टाईम जॉब करने के लिए फोन आया था। पीड़ित ने बताया कि टास्क के नाम पर 2.17 लाख रुपए की साइबर ठगी की गई।
क्रेडिट कार्ड बंद कराने की कहकर ठगे 48 हजार सांवरा कुंज माल गोदाम रोड के नितिन कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर को क्रेडिट कार्ड के संबंध में उसके पास एक कॉल आया था। उसने क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए बोला। इसके बाद पीड़ित के फोन पर एक ओटीपी आया। जिसकी जानकारी दे दी गई। इसके बाद पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 48 हजार 960 रुपए कट गए। पीड़ित की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
