सोनीपत में गोहाना अनाजमंडी के पूर्व प्रधान रामनिवास उर्फ कल्लू और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी मिली है। कल्लू पहले ही गैंगस्टर लॉरेंस के करीबी कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी गैंग के निशाने पर है। एक बार उसे गोली भी मारी जा चुकी है। अब उसे धमकी दी गई है कि काला जठेड़ी और लॉरेंस उसके भाई हैं, जल्द ही मार देंगे। पुलिस ने IPC की धारा 506, 34 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बताया गया है कि सोनीपत के कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी और गांव बुसाना के रामनिवास उर्फ कल्लू का 36 का आंकड़ा है। कल्लू पर भी कई केस दर्ज रहे हैं। 20 फरवरी 2017 को कल्लू को रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आते ही गोली मार दी गई थी। इस मामले में एसटीएफ ने विकास उर्फ मीता उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया था।
आढ़ती रामनिवास उर्फ कल्लू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव बुसाना का रहने वाला है और हाल में गोहाना अनाज मंडी में रहता है। शुक्रवार को वह गांव बुसाना से शाम को करीब 4 बजे के आसपास मंडी में पहुंचा था। उसी दौरान उसके मोबाइल नंबर पर वॉट्सऐप कॉल आयी। फिर वॉट्सऐप पर लॉरेस के फोटो के साथ 2 अज्ञात व्यक्तियों की विडियो भेजी गई। उसे मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे गए।
धमकी देने वाले 2 व्यक्तियों में से एक ने कहा की काला जठेडी व लॉरेंस मेरे भाई हैं, तुम्हें जल्दी ही मार देंगे। धमकी देने वाले एक व्यक्ति ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया था। उन्होंने उसे व उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के बाद उसने इसकी सूचना गोहाना सिटी पुलिस को दी।
हरियाणा पुलिस की एसटीएफ ने फरवरी 2020 में कुख्यात बदमाश विकास उर्फ मीता उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया था। तब उसने खुलासा किया था कि 20 फरवरी, 2017 में सुनारिया जेल रोहतक के बाहर बुसाना के रामनिवास उर्फ कल्लू को उसी ने गोली मारी थी। रामनिवास उर्फ कल्लू की हत्या कराने को काला जठेड़ी की मदद की थी।
विकास ने पुलिस को बताया है कि उसने काला जठेड़ी को पुलिस हिरासत से इसलिए फरार कराया था कि वह बुसाना के रामनिवास उर्फ कल्लू की हत्या कराना चाहता था। उसकी कल्लू बुसाना से पुरानी रंजिश है। जिसमें ही वह उसकी हत्या कराना चाहता था।
गोहाना सिटी थाना के ASI पवन ने बताया कि रामनिवास उर्फ कल्लू ने धमकी देने की शिकायत दी है। पुलिस ने छानबीन के बाद केस दर्ज कर लिया है। जिस वॉट्सऐप नंबर से धमकी भरी कॉल आई, उसकी जांच की जा रही है। धमकी देने के मामले में जिस रणदीप मलिक का नाम सामने आया है, उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
