रोहतक के गांव मायना से होकर गुजर रही नहर में नहाने आया अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर अमित पंघाल के कोच का इकलौता बेटा तेज बहाव के कारण डूब गया। जब इसका पता लगा तो गांव वाले भी मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और गोताखोरों को भी बुलाया गया है।
गांव मायना के सरपंच प्रतिनिधि प्रवीन ने बताया कि अमित पंघाल के कोच अनिल धनखड़ का 17 वर्षीय बेटा अंगद मंगलवार को झज्जर रोड स्थित नहर में अपने दोस्त सौरव के साथ नहाने के लिए गया था। इसी दौरान तेज बहाव के कारण अंगद पानी में डूब गया। अभी अंगद की तलाश जारी है।
अमित पंघाल के चाचा राजनारायण पंघाल ने बताया कि अमित के कोच शिक्षा विभाग में डीपी के पद पर कार्यरत हैं। साथ ही MDU में कोचिंग भी कराते हैं। उनको दो बच्चे, एक बेटा व एक बेटी है। उनका इकलौता बेटा अंगद सुबह नहाने के लिए अपने दोस्त के साथ गया था। उसके दोस्त ने बताया कि अंगद ने नहर में डुबकी लगाई, लेकिन वापस नहीं निकला।
शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना के कार्यकारी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि उन्हें युवक के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस युवक अंगद की तलाश में जुटी हुई है। प्रयास है कि जल्द से जल्द उसकी तलाश की जाए। इसके लिए गोताखोरों की टीम भी बुलाई है।
