रोहतक में छोटूराम चौक स्थित छोटूराम धर्मशाला में सोमवार को जॉइंट एक्शन कमेटी रिटायर्ड कर्मचारी हरियाणा की बैठक हुई। जिसमें 24 मई को होने वाले रोहतक मंडल के धरने प्रदर्शन की तैयारी को लेकर चर्चा किया गई। मीटिंग की अध्यक्षता देवी सिंह देशवाल, वीरेंद्र शर्मा औन अन्य सदस्यों ने की।
मीटिंग में राज्य कार्यकारिणी के सदस्य मास्टर देवराज नांदल, चेयरमैन मेहर सिंह नैन, प्रेम सिंह सैनी ने मुख्य रूप से भाग लिया। 28 अप्रैल की मीटिंग में धरना प्रदर्शन स्थल छोटूराम धर्मशाला को चुना गया था, सोमवार को कमेटी के सदस्यों ने छोटूराम धर्मशाला का दौरा किया और पाया कि छोटूराम धर्मशाला के हाल में मरम्मत कार्य चल रहा है।

जिसके कारण यहां मीटिंग और धरना प्रदर्शन करना संभव नहीं है। इसलिए कमेटी के सदस्यों ने ये स्थान बदल कर DC कार्यालय के सामने सोनीपत स्टैंड रोहतक पर करने का निर्णय लिया। साथ ही अलग-अलग कमेटी बनाकर ड्यूटी लगाई। इस धरना प्रदर्शन में रोहतक मंडल के अन्तर्गत आने वाले जिलों में झज्जर, सोनीपत, भिवानी ,चरखी दादरी व रोहतक से लोग भाग लेंगे।
मीटिंग में सर्वसम्मति से जंतर-मंतर पर हो रहे खिलाड़ियों के धरना प्रदर्शन का समर्थन किया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों के यौन शोषण के आरोपी भाजपा सांसद बृज भूषण शरण को पद से हटाकर गिरफ्तार करने व हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह को मंत्री पद से हटाकर गिरफ्तार करके महिला कोच व महिला पहलवान खिलाड़ियों को न्याय दिलाने की मांग की।
