गुरुग्राम में एक छात्रा के साथ स्पोर्ट्स मीट के दौरान कुछ युवकों ने गैंगरेप किया। मामला सोहना सदर थाना क्षेत्र का है। आरोपियों ने छात्रा का वीडियो बनाकर वायरल करने की भी धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि दिसंबर 2022 में गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में पड़ने वाले स्कूल में स्पोर्ट्स मीट का आयोजन हुआ था, जिसमें दूसरे स्कूल के भी स्टूडेंट मीट में आए हुए थे। इस दौरान 2 छात्र व एक पासआउट छात्र उसे बहला-फुसलाकर सोहना की पाहड़ियों में ले गए और तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने छात्रा का वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर वायरल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी की वजह से छात्रा डर गई, जिस कारण उसने परिवार को नहीं बताया। आरोपियों की बार-बार धमकी से परेशान छात्रा ने बीते दिन अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई।
इसके बाद पीड़िता और उसके पिता थाना पहुंचे, जहां आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। सोहना सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
