रोहतक में एक व्यक्ति से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें 4 ट्रांजेक्शन में कुल 93379 रुपए निकाले गए हैं। जब फोन पर पैसे कटने के मैसेज देखे तो इस धोखाधड़ी का पता लगा। ठगी से दो दिन पहले फास्ट टैग अपडेट करने के लिए मैसेज भी आया था। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
रोहतक के प्रताप नगर निवासी इशान दुआ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है। उसके पास फास्ट टैग अपडेट करने के लिए 28 फरवरी को एक फोन आया। वहीं इसके दो दिन बाद 2 मार्च की रात को अकाउंट से चार बार करके पैसे कट गए। जब उन्होंने फोन पर आए मैसेज देखे तो इसका पता लगा।
फोन पर पैसे कटने के मैसेज आए हुए थे। जिसे देखकर वह खुद भी दंग रह गया। उसके 4 ट्रांजेक्शन में कुल 93 हजार 379 रुपए निकाले गए हैं। जिसका अपने स्तर पर जांच के बाद पता चला कि किसी अज्ञात ने उसे धोखाधड़ी का शिकार बनाया है। इसके बाद उसके अकाउंट से ये रुपए ठगे गए हैं। यहां तक कि उसके पास कोई ओटीपी भी नहीं आया और उसे खाते से रुपए कट गए।
पीड़ित ने ठगी का पता लगने के बाद बैंक में इसकी शिकायत दी। साथ ही पुलिस को भी शिकायत दी गई। जिसमें उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व पैसे वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
