WFI विवाद पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा है कि किसी भी खिलाड़ी का मनोबल टूटने नहीं दिया जाएगा। हरियाणा सरकार हर खिलाड़ी के साथ है। सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। बेटियां और खिलाड़ी देश प्रदेश का मान हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की शिकायत को गंभीरता से सुना गया है। केंद्र से लेकर हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के साथ है।

इस मामले में हरियाणा में सियासत गरमाई हुई है। विपक्षी दलों ने सत्तासीन भाजपा को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस, AAP, INLD सहित अन्य विपक्षी दलों ने हरियाणा सरकार की इस पूरे मामले में चुप्पी पर सवाल खड़े किए थे। राज्यसभा दीपेंद्र हुड्‌डा ने खेल संघ को भंग करने के साथ ही पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट से कराने की मांग की है।

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने कहा कि सरकार अभिभावक होती है, लेकिन इतने गंभीर मामले में अब तक हरियाणा सरकार की चुप्पी हैरान व परेशान करने वाली है। देश का नाम रोशन करने वाले ये खिलाड़ी हमारी माटी के लाल हैं। BJP-JJP सरकार इनके साथ इतना घोर अन्याय होता देखकर कैसे चुप रह सकती है?

हरियाणा कांग्रेस के नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि पीएम मोदी के बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ के नारे का भयावह और शर्मनाक सच सामने आ गया है। पूरी दुनिया में अपनी ताकत का लोहा मनवा कर देश का परचम फहराने वाले पहलवान बेटियों की बात क्यों नहीं सुन रहे? क्योंकि इल्जाम BJP नेता व चहेते सांसद पर है। उन्नाव में कुलदीप सेंगर से हाथरस तक व जम्मू तक यही सच है।

हरियाणा के आप नेता अनुराग ढांडा ने ट्वीट किया है कि बहुत दुख होता है देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने वाले खिलाड़ियों के साथ हो रहे उत्पीड़न को देखकर। विनेश की हिम्मत को आम आदमी पार्टी सलाम करती है। हर हालात में पार्टी हरियाणा के पहलवानों के साथ खड़ी होगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास खेल विभाग है। इससे पहले संदीप सिंह खेल मंत्री थे, लेकिन जूनियर महिला कोच के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री ने उनसे खेल विभाग वापस ले लिया है। महिला कोच ने तत्कालीन खेल मंत्री पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। चंडीगढ़ पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में कुल 30 पहलवान शामिल हैं। ओलिंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहलवान भी इस प्रदर्शन का हिस्सा हैं। पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदर्शन में शामिल पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच के ऊपर पर महिलाओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों को बृजभूषण शरण सिंह ने निराधार बताया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!