सिरसा में पिस्टल से फायरिंग करने वाली दड़बा कलां की महिला सरपंच संतोष बेनीवाल वीडियो वायरल होने पर मीडिया के सामने आई और उन्होंने बताया कि कि वह चुनाव की जीत के बाद धन्यवादी दौरे में व्यस्त थी जिस बीच उन्हें सुनने में आया था कि उनकी ऐसी कोई वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, परंतु उसने वीडियो पर गौर नहीं किया।
महिला सरपंच का कहना है कि यह पुराना वीडियो हैं, मुझे ध्यान नहीं है कि कब की बनी है। मैंने न तो बनाई है और न ही वायरल की है। उन्होंने कहा कि उसका असला चुनावों के कारण जमा था। मेरे पर मामला दर्ज हुआ है, लेकिन वह पुलिस प्रशासन का जांच में पूरा सहयोग करेंगी। मैं कानून का सम्मान करती हूं। संतोष बेनीवाल के नाम पर एक लाइसेंसी पिस्टल व एक 12 बोर गन है।
वायरल वीडियो में 7 राउंड किए फायर सिरसा जिले के गांव दड़बा कलां की महिला सरपंच चुनाव जीतते ही एक नए विवाद में फंस गई है। चुनाव की जीत के बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कि वह नाचते हुए पिस्टल से 7 राउंड फायर करती आ रही हैं। वीडियो में गाना बज रहा है कि मितरां नू शौक हथियारा दा। वीडियो वायरल होने के बाद सिरसा एसपी अर्पित जैन ने इसकी जांच करने के आदेश जारी कर दिए। पुलिस ने चोपटा थाना में संतोष बेनीवाल के खिलाफ आर्म्स एक्ट व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
संतोष बेनीवाल दड़बाकलां के पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल के भाई कालू ठेकेदार की पत्नी है। यह गांव अति संवेदनशील है। संतोष बेनीवाल ने भाजपा के टिकट पर दो बार और कांग्रेस की टिकट पर ऐलनाबाद उप चुनाव लड़ चुके पवन बेनीवाल के भाई की पत्नी श्रुति बेनीवाल को चुनाव में हराया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल और इनेलो की पूर्व राज्यसभा सांसद विद्या बेनीवाल के परिवारों के बीच सालों पुरानी दुश्मनी है। दोनों परिवारों के सदस्य सरपंची से लेकर विधानसभा चुनावों में एक दूसरे के विरोध में चुनाव लड़ते आ रहे हैं।
