हिसार जिले के उकलाना एरिया में नाबालिग लड़की को नशा देकर अपहरण करके दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता के साथ दुष्कर्म करके उसे बेहोशी की हालत में आदमपुर एरिया में छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने लड़की को बेहोशी की हालत में देखा तो आदमपुर पुलिस को सूचना दी। आदमपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की को अपने अंडर लिया और उपचार कराया। होश में आने के बाद लड़की ने अपने घर और अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मामले में उकलाना वासी सुनील के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

पीड़िता की मां की तरफ से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उसकी 16 साल की बेटी रात को अचानक गायब हो गई थी। घरवालों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चला। अगले दिन उनके पास आदमपुर पुलिस का फोन आया, तब पता चला कि बेटी आदमपुर के अस्पताल में भर्ती है। लड़की का पिता और मामा वहां पर पहुंचे तो देखा कि लड़की बेहोशी की हालत में थी। उसने बताया कि पड़ोसी सुनील ने रात को उसे कुछ खिला दिया था, जिससे उसे चक्कर आने लगे।

इसके बाद सुनील उसे अपने साथ किसी अनजान जगह पर ले गया और वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह सुनील उसे आदमपुर में छोड़कर फरार हो गया और वह वहां पर बेहोश हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस के अनुसार, लड़की का मेडिकल कराया गया है। उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में आरोपी सुनील के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश में छापामारी भी शुरू कर दी गई है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!