किसानों के आह्वान पर आज भारत बंद है। हरियाणा के रोहतक जिले में भी संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने बंद के लिए कमर कसी हुई है। जिले से गुजरने वाले 7 नेशनल हाईवे पर 10 जगह किसानों का कब्जा रहेगा। जाम सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। ऐसे में पुलिस की ओर से भी लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस सहायता के लिए या पुलिस को सूचना देने के लिए डायल 112 व अपने नजदीकी थाना/चौकी या रोहतक पुलिस कंट्रोल रुम के फोन नंबर 01262-228113 व मोबाइल नंबर 9996464100 पर संपर्क करें।
नेशनल हाईवे पर इन 10 जगहों पर चक्का जाम
– हिसार रोड पर महम के भैणी महारापुर के पास
– हिसार रोड पर मदीना टोल पर
– भिवानी रोड पर डोभ के पास
– झज्जर रोड पर मायना बाईपास पर
– जींद रोड पर जींद बाइपास पर
– जींद रोड पर टिटौली चौकी के पास
– जींद रोड पर लाखनमाजरा चौक पर
– दिल्ली रोड पर खरावड़ गांव के बाहर
– सोनीपत रोड पर भालौठ के पासग
– पानीपत रोड पर मकड़ौली टोल पर
किसान आंदोलन में आने वाले लोगों पर पुलिस रखेगी नजर
भारत बंद को लेकर रोहतक पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिले में तैनात सभी डीएसपी, थाना व चौकी प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि भारत बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई चूक न हो। सभी अपने अपने इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। अलग-अलग स्थानों पर उचित संख्या में पुलिस बल तैनात करके नाकाबंदी की गई है। रिजर्व के तौर पर भी पुलिस बल को पुलिस लाइन में तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की विकट स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। सभी पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि वह प्रदर्शन में आने जाने वाले लोगों पर पूरी तरह से निगरानी रखें और जो भी व्यक्ति लगता है कि कानून व्यवस्था को भंग कर सकता है। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। बाजारों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
