रोहतक में बंद पड़ी फैक्ट्री की 2 एकड़ जमीन की फर्जी जीपीए तैयार कर एक करोड़ की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने फैक्ट्री की 2 एकड़ जमीन की फर्जी जीपीए तैयार करा ली और जमीन के असली मालिक को बिना भनक लगे बेच दी। जमीन को खरीदकर ठगी का शिकार हुए तीन साझेदार अब अपने रुपए वापस मांग रहे हैं तो आरोपी उन्हें धमकी दे रहा है। पीड़ितों ने सांपला थाना में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रोहतक के गांव खेडी सांपला निवासी समशेर से मिली जानकारी के अनुसार रोहद गांव निवासी संदीप उनसे व गांव के शक्ति सिंह व रमेश से बार-बार गीझी रोड स्थित एक जमीन को खरीदने की सिफारिश कर रहा था। जमीन पर विवाद होने की जानकारी होने पर हम साझेदारों ने उसे मना कर दिया, लेकिन वह कई बार घर पर आया और जमीन पर अब कोई भी विवाद न होने का झांसा देकर उसे खरीदने के लिए चारा डाला। आरोपी संदीप ने जमीन की गाजियाबाद से फर्जी जीपीए तैयार कर हम सबका विश्वास जीत लिया। हम तीनों साझेदारों ने उससे जमीन खरीदने के बाद 50 हजार की टोकन मनी देने के बाद एक करोड़ की बयाना रकम भी दे दी।

समशेर ने बताया कि जमीन खरीदने के बाद उस पर निर्माण कार्य करने पहुंचे तो वहां मौजूद चौकीदार ने बताया कि जमीन को तो उसके मालिक ने बेचा ही नहीं है। उसने जमीन के असली मालिक से बात कराई तो ठगी होने की बात का पता चला। आरोपी संदीप को फोन करके रुपए वापस करने के लिए कहा तो वह शुरुआत में तो समझौता करने का बहाना बनाकर समय को टालता रहा। अब रुपए मांगने पर धमकी दे रहा है। मामले में सांपला थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!