पानीपत में सेक्टर 25 स्थित मित्तल मेगा मॉल के पास दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर तीन बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों से 8.64 लाख रुपये लूट लिए। बदमाश भागने लगे तो पीड़ित ने वीटी करा दी। इससे पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी जैसे ही सेक्टर 25 रोड पर बाइक एजेंसी के पास पहुंचे, पुलिस की गाड़ी आती देख बदमाश रुपये से भरा बैग सड़क पर फेंककर भाग गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ चांदनीबाग थाने की पुलिस को शिकायत दी है।

विकास नगर निवासी भारत ने बताया कि उसकी एनएफएल के पीछे जय बलजीत कम्युनिकेशन के नाम से दुकान है। वह मनी ट्रांसफर का काम करता है। उसने दुकान पर काम करने वाले मोहित और दोस्त देवेंद्र को सेल्फ चेक देकर रुपये निकालने के लिए आईसीआईसीआई बैंक संजय चौक भेजा था। उन्हें वह मित्तल मेगा मॉल के पास किसी युवक को पेमेंट देनी थी।

दोनों 8.64 लाख रुपये लेकर पल्सर बाइक से बैंक से निकले। बाइक देवेंद्र चला रहा था, जबकि मोहित रुपये लेकर पीछे बैठा था। जब वह रुपये लेकर मित्तल मेगा मॉल के पास पहुंचा तो पीछे से प्लेटिना बाइक से तीन युवक आए और बाइक उनके आगे अड़ा दी। उन्होंने जैसे ही बाइक रोकी तो बदमाशों ने मोहित के पेट में पिस्तौल सटा दी और रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

लूट होते ही मोहित और देवेंद्र ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे दी और आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सेक्टर 25 स्थित बाइक एजेंसी के पास बदमाश पहुंचे तो पुलिस की गाड़ी देख बदमाश बैग सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। बैग चेक किया तो उसमें रुपये सुरक्षित थे। मौके पर एएसपी विजय सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी महिपाल सिंह, सीआईए-2 प्रभारी वीरेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने पीड़ित के बयान दर्ज किए और बदमाशों की धरपकड़ में टीम जुट गई।

मोहित ने बताया कि तीन बदमाशों में एक बदमाश (जिसने पिस्तौल के बल पर बैग छीना था) के चेहरे पर मास्क था और उसने टोपी पहन रखी थी। जब वह बैंक के अंदर रुपये निकलवा रहा था, तब आरोपी वहीं था। वह डेढ़ घंटे बैंक के अंदर रहे तो आरोपी भी वहीं था। वह जैसे ही बैंक से बाहर आया तो आरोपियों ने उसी समय पीछा शुरू कर दिया और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई थी। आरोपियों को पुलिस ने चारों ओर से घेरना शुरू कर दिया था। जैसे ही आरोपी सेक्टर 25 में पहुंचे पुलिस की गाड़ी को देख रुपयों से भरे बैग को सड़क पर फेंककर फरार हो गए, रुपये सुरक्षित हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!