रोहतक। शहर के प्रवेश नगर में करीब 24 वर्षीय युवक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद सुखपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
मृतक की पहचान राकेश निवासी डरोली पार्क, जिला दतिया (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वह फिलहाल प्रवेश नगर में किराए के कमरे में रह रहा था। राकेश अपने चाचा के तीन बेटों के साथ रहता था और रोहतक में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर परिवार के लिए पैसे कमाता था।
रात को रेहड़ी लेकर कमरे पर आया था
जानकारी के अनुसार, राकेश और उसके चाचा के तीनों बेटे रात करीब 10 बजे गोलगप्पे की रेहड़ी लेकर कमरे पर पहुंचे। इसके बाद सभी छत पर जाकर सो गए। रात के दौरान राकेश उठकर नीचे कमरे में आ गया।
कुछ समय बाद उसने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। सुबह जब उसके चाचा के बेटे उठे और नीचे आए तो राकेश को फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
4 दिन पहले ही गांव से लौटा था
राकेश पिछले करीब 6 महीने से प्रवेश नगर में किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह करीब दो महीने अपने गांव में रहने के बाद चार दिन पहले ही रोहतक वापस आया था।
वापस आने के बाद वह फिर से गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने लगा था। घटना वाली रात भी वह रेहड़ी लेकर अपने कमरे पर लौटा था, लेकिन रात में ही उसने यह कदम उठा लिया।
पत्नी और 2 साल की बेटी गांव में
राकेश की पत्नी और करीब 2 साल की बेटी गांव में रहती है। उसकी दो बहनें भी हैं, जो गांव में रहती हैं। राकेश परिवार की आर्थिक मदद के लिए रोहतक में काम करता था।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों की ओर से भी फिलहाल किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी गई है। परिवार ने किसी तरह के विवाद या किसी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में भी पुलिस को जानकारी नहीं दी।
फिलहाल युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सुखपुरा चौकी के जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम से प्रवेश नगर में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
