रोहतक जिले के ब्लॉक सांपला में नगर पालिका चुनाव की मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी। मतगणना को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना के साथ ही चेयरमैन और 16 वार्ड पार्षदों की किस्मत का फैसला भी हो जाएगा। चुनाव परिणाम को लेकर सभी प्रत्याशियों और समर्थकों में भारी उत्सुकता और बेचैनी बनी हुई है।गौरतलब है कि सांपला नगर पालिका चुनाव 10 मई को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाया गया था। चुनाव में कुल 15 हजार 624 मतदाताओं में से 12 हजार 371 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं ने चेयरमैन व पार्षद उम्मीदवारों के भविष्य को ईवीएम में कैद कर दिया, जिसका फैसला अब मतगणना के बाद सामने आएगा।चुनाव के दौरान प्रशासन द्वारा 5 प्रमुख स्थानों पर कुल 16 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चली। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को सील कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से 11 टेबल स्थापित की गई हैं। इनमें से 9 टेबल पर मतगणना स्टाफ तैनात रहेगा, जबकि 2 टेबल रिजर्व रखी गई हैं। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर और एक मतगणना सहायक नियुक्त किया गया है ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।सांपला नगर पालिका चुनाव में चेयरमैन पद के लिए 10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 16 वार्डों में पार्षद पद के लिए 44 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अब सभी की निगाहें कल होने वाली मतगणना पर टिकी हुई हैं। देखना होगा कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है और किस उम्मीदवार के सिर जीत का ताज सजता है।
