पानीपत. हरियाणा के पानीपत जिले की अंसल सिटी के गेट नंबर-1 के पास चार बदमाशों ने चाकू के बल पर कपड़ा व्यापारी से साढे 37 हजार रुपए लूट लिये. एक कार की लाइट पड़ने पर बदमाश वहां से भाग निकले और व्यापारी की स्कूटी व मोबाइल लुटने से बच गई. पीड़ित अपने एक कर्मचारी को उसके घर छोड़कर अपने घर विकास नगर जा रहा था. वारदात के बाद पीड़ित ने 112 पर कॉल की. कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन लुटेरों का कोई पता नहीं लगा. सेक्टर- 13-17 थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु करदी है.
पीड़ित चंदर मल्होत्रा ने बताया कि उनकी तहसील कैंप में अमरवाणी वस्त्र भंडार के नाम से दुकान है. बुधवार को ईद का त्योहार होने के कारण मंगलवार को दुकान बंद करने में कुछ समय लग गया. वह रात करीब 10:30 बजे स्कूटी से अपने कर्मचारी मोहित को उसके हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित घर पर छोड़ने गए.
जब वह वहां से वापस लौट रहे थे तो अंसल के गेट नंबर 1 के पास पहले से ही एक लड़का सड़क पर खड़ा था. वह पास आए तो लड़के ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया. तभी पास की झाड़ियों ने 3 और युवक निकले और उनकी गर्दन पर चाकू लगाकर व मारपीट करके जेब में रखे साढ़े 37 हजार रुपए निकाल लिये. तभी एक कार की लाइट पड़ी तो बदमाश भाग निकले. वह भी कार की तरफ दौड़े. इस कारण बदमाश उनका मोबाइल और स्कूटी नहीं लूट पाए.
केस दर्ज, आरोपियों की तलाश शुरू
उन्होंने तभी 112 पर कॉल की जिसके बाद कुछ ही देर में सेक्टर 13-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि बदमाश अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं.
