गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में 28 वर्षीय युवक की 11वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान असीम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पिता सीमा सुरक्षा बल (BSF) में वरिष्ठ अधिकारी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
अचानक हुई घटना से सोसाइटी में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर पहुंचे। वहां युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। बाद में उसकी मौत हो गई।
मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक के 11वीं मंजिल से गिरने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
