सोहना, गुरुग्राम। गुरुग्राम के सोहना में 27 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षक अमन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन की इसी साल फरवरी में शादी हुई थी और करीब 20 दिन पहले ही वह बेटी का पिता बना था।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले तक अमन सामान्य व्यवहार कर रहा था। उसने घर में पटाखे जलाए थे। इसी दौरान शहर से बाहर गए पिता का फोन आया तो अमन ने उनके कहने पर फास्टैग भी रिचार्ज किया था। इसके बाद वह घर की दूसरी मंजिल पर चला गया।
परिवार को कमरे में मिला शव
मृतक की पहचान सोहना सिटी की शिव कॉलोनी निवासी अमन के रूप में हुई है। वह नूंह जिले के इंद्री स्थित एक निजी स्कूल में कंप्यूटर टीचर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, उसकी मां भी इसी स्कूल में प्रिंसिपल हैं।
रविवार रात परिवार के सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर लौटने के बाद जब अमन काफी देर तक नीचे नहीं आया तो परिजन उसे देखने दूसरी मंजिल पर पहुंचे। कमरे में उसकी हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फरवरी में हुई थी शादी, 20 दिन पहले जन्मी बेटी
अमन की इसी साल फरवरी में शादी हुई थी। करीब 20 दिन पहले उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात बच्ची के आने से खुशी का माहौल था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, घटना से करीब 20 मिनट पहले तक अमन का व्यवहार सामान्य था। किसी को भी इस तरह की घटना का अंदेशा नहीं हुआ।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर सोहना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद वे इसके लिए राजी हो गए।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

