रोहतक स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) के हॉस्टल की छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने दोस्त के पास हॉस्टल में आया हुआ था। रात को दोस्त के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान दूसरी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिर गया। जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव जसिया निवासी करीब 25 वर्षीय प्रदीप उर्फ़ सोनू के रूप में हुई है। प्रदीप एमडीयू में ही MA का पूर्व छात्र था। जो अब नौकरी की तैयारी कर रहा था। प्रदीप 2 भाइयों में छोटा था और लाइब्रेरी में जाकर परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

मृतक प्रदीप उर्फ़ सोनू की फाइल फ़ोटो
पुलिस जांच के अनुसार रात को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के हॉस्टल नंबर 8 में अंकित नामक लड़का रहता है। इसके पास भूपेंद्र आउटसाइडर 10-12 दिनों से ठहरा हुए था। सोमवार शाम को भूपेंद्र के पास जसिया निवासी प्रदीप भी आया हुआ था। प्रदीप एवं भूपेंद्र ने हॉस्टल की छत पर पार्टी शुरू कर दी। इसी बीच प्रदीप दूसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गया। जसको पीजीआई ट्रामा सेंटर दाखिल कराया गया और डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिस लड़के के पास यह आए हुए थे, वह छात्र अंकित अपने घर गया हुआ था।
मृतक प्रदीप के पिता सुरेंद्र ने हत्या का संदेह जताया है। परिजनों ने हमें बताया कि उन्हें सोमवार मंगलवार रात लगभग 12:15 के करीब सोनू के दोस्त भूपेंद्र उन्हें फोन कर बताता है कि आपके बेटे ने छत से छलांग लगा दी है इसके बाद वे तुरंत MDU हॉस्टल पहुंचे और आनन-फानन में घायल सोनू को पीजीआई ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनू के पिता ने बताया कि उसका नेट का एग्जाम बहुत अच्छा हुआ था जिसके चलते वह अपने दोस्त भूपेंद्र के साथ हॉस्टल में पार्टी कर रहा था जिसके बाद यह घटना हुई तो वहीं परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा बहुत खुश था और वह ऐसा कदम बिल्कुल नहीं उठा सकता सोनू को उसके दोस्त भूपेंद्र ने छत से धक्का मारा है।
मामले की गहनता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है लेकिन अभी पुलिस ने मीडिया के सामने किसी भी तरह का बयान देने से मना कर दिया है। जसिया के सरपंच ने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। PGI थाना प्रभारी प्रमोद ने कहा कि प्रदीप की हॉस्टल की छत से गिरकर मौत होने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
