रोहतक में आज सुबह 7 बजे सरपंच व पंच पद पर मतदान शुरू हो गया है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। इस बीच रोहतक के गांव पटवापुर में EVM मशीन का बटन नहीं दबने को लेकर हंगामा हो गया। एक नंबर पर उम्मीदवार कीर्ति का निशान था, लेकिन आरोप लगा कि उनका बटन नहीं दब रहा है। जब चेक किया तो बटन नहीं दब रहा था। जिस कारण ईवीएम मशीन बदलने का फैसला लिया। वोटिंग थम गई है।
वहीं इससे पहले 2 पोलिंग एजेंट आमने-सामने हो गए। यह एक एजेंट मतदाताओं को अपने उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने के लिए समझा रहा था। इस पर दूसरे उम्मीदवार के एजेंट ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच हंगामा हो गया। पुलिस ने बीच बचाव किया और दोनों को समझाया।
इस दौरान एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था जांची। साथ ही पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। ताकि मतदान शांतिपूर्व संपन्न हो। जिले में कुल 35 पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। जिला की 142 ग्राम पंचायतों के सरपंच व पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। सरपंच और पंच पदों के मतदान सम्पन्न होने पर मतगणना करवाकर मौके पर ही परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला में 142 ग्राम पंचायतें है, जिनमें से रोहतक खंड में 48, महम खंड में 36, सांपला खंड में 21, कलानौर खंड में 24 तथा लाखनमाजरा खंड में 13 ग्राम पंचायतें है। इन सभी ग्राम पंचायतों में 1837 वार्ड हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिला में 529 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से रोहतक खंड में 165, महम खंड 122, कलानौर खंड में 83, सांपला खंड में 85 तथा लाखनमाजरा खंड में 74 मतदान केंद्र है। मतदान 12 नवम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
जिले की 142 ग्राम पंचायतों के सरपंच और पंच के सभी पदों के लिए मतदान हो रहा है। 142 ग्राम पंचायतों के 1837 वार्डों में से 1192 पंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, 592 पंचों के लिए मतदान होगा। जबकि 53 वार्डों में पंच पदों के लिए नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुए है।
रोहतक खंड में 598 पंच पदों में से 409 पंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं तथा 161 पंच पदों के लिए मतदान होगा। 28 वार्डों में पंच पद के लिए नामांकन प्राप्त नहीं हुए हैं। महम खंड के 473 वार्डों में से 309 वार्डों में निर्विरोध पंच निर्वाचित हो चुके है। 158 पंच पदों के लिए चुनाव होगा और 6 वार्डों के लिए नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुए है।
कलानौर खंड के 301 वार्डों में से 160 वार्डों में पंच निर्विरोध चुने जा चुके है। 138 पंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है, जबकि 3 वार्डों के लिए नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुए। सांपला खंड के 283 वार्डों में से 195 वार्डों में पंच निर्विरोध चुने गए हैं। 76 वार्डों में पंच पदों के लिए चुनाव होगा तथा 12 वार्डों के लिए नामांकन प्राप्त नहीं हुए है। लाखनमाजरा खंड के 182 वार्डों में से 119 वार्डों में पंच निर्विरोध चुने जा चुके है। 59 वार्डों में पंच पदों के लिए चुनाव होगा, जबकि 4 वार्डों के लिए नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुए।
जिला की सभी 142 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए 836 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। जिनमें से 430 पुरुष एवं 406 महिला उम्मीदवार है। इन उम्मीदवारों में 508 सामान्य/अन्य जाति, 232 अनुसूचित जाति तथा 96 पिछड़ा वर्ग ए श्रेणी के शामिल है। इन ग्राम पंचायतों के 1837 वार्डों में पंच पद के लिए 2498 नामांकन पत्र दाखिल किए। जिनमें से 1386 पुरुष तथा 1112 महिला उम्मीदवार है। इनमें 1306 सामान्य/अन्य जाति, 746 अनुसूचित जाति एवं 446 पिछड़ा वर्ग ए श्रेणी के उम्मीदवार हैं।
