चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में 17 वर्षीय छात्र नैतिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि बाइक सवार नाबालिग ने नैतिक के ऑटो का पीछा किया और उस पर तीन गोलियां चलाईं। इस दौरान ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में भी गोली लगी, जबकि एक गोली नैतिक की छाती में जा लगी। अस्पताल में उपचार के दौरान नैतिक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल बरामद की है।

पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-34 में हुई मारपीट और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद विवाद बढ़ गया था।

स्कूल में पढ़ाई के दौरान शुरू हुई थी रंजिश

पुलिस के अनुसार, नैतिक सेक्टर-32 स्थित एसडी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। इससे पहले वह सेंट जोसफ स्कूल में पढ़ता था, जहां उसकी आरोपी से कहासुनी और विवाद हुआ था। दोनों के बीच अक्सर गाली-गलौज होती थी और एक-दूसरे के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाते थे।

विवाद बढ़ने के बाद नैतिक के परिजनों ने उसका स्कूल बदलवा दिया था। एक क्लासमेट छात्रा को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर किया वायरल

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात से एक दिन पहले यानी वीरवार शाम सेक्टर-34 में नैतिक और उसके दोस्त का आरोपी पक्ष से सामना हुआ था। आरोप है कि इस दौरान सौरव नाम के युवक की पिटाई की गई और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और नैतिक का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे बाद सेक्टर-22 में गोलीबारी की वारदात हुई।

ऑटो का पीछा कर चलाईं तीन गोलियां

नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठकर सेक्टर-34 से घर लौट रहा था। जब ऑटो सेक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचा, तो बाइक सवार आरोपी ने उसका पीछा करते हुए फायरिंग कर दी।

आरोप है कि ऑटो पर तीन गोलियां चलाई गईं। एक गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में लगी और आगे का शीशा तोड़ते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली नैतिक की छाती में जा लगी। उसका दोस्त इस हमले में बाल-बाल बच गया।

गोली लगने के बाद मंदिर की ओर भागा छात्र

गोली लगने के बाद नैतिक ऑटो से उतरकर मंदिर के गेट की ओर भागा और पास की फूल की दुकान तक पहुंच गया। दुकानदार ने उसे पानी पिलाया और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गंभीर हालत में उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

नैतिक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता रामदरबार फेज-2 में लकड़ी का काम करते हैं। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ऑटो चालक अस्पताल में भर्ती

घायल ऑटो चालक सिकंदर पासवान ने बताया कि दोनों युवक सेक्टर-34 से उसके ऑटो में बैठे थे। घर के पास पहुंचने पर नैतिक ने बाइक सवार युवकों को देखकर ऑटो तेज चलाने के लिए कहा। इसी दौरान पीछे से गोलियां चलने लगीं। एक गोली सिकंदर के कंधे में लगी। फायरिंग के बाद नैतिक ऑटो से उतरकर मंदिर की तरफ भागा।

सिकंदर पासवान का जीएमएसएच-16 में इलाज चल रहा है।

डैशकैम फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, कार के डैशकैम फुटेज और चश्मदीदों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद की है।

मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फायरिंग में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस जांच का मुख्य बिंदु: क्या सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो ने पुराने विवाद को हिंसक रूप दिया और क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे? इन पहलुओं पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!