चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा की यूथ वेलफेयर कमेटी का 10 सदस्यीय डेलिगेशन 16 नवंबर को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दौरे पर रवाना होगा। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य युवाओं के विकास, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों का अध्ययन करना है। डेलिगेशन में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक शामिल हैं।
होडल से भाजपा विधायक हरिंदर सिंह ने दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा की यूथ वेलफेयर कमेटी के कुल 10 विधायक इस अध्ययन भ्रमण में शामिल होंगे। इस दौरान विधायक अंडमान-निकोबार में युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं, रोजगार के अवसरों और शिक्षा व्यवस्था से संबंधित पहलुओं की जानकारी लेंगे।
स्थानीय प्रशासन के कार्यों का करेंगे अध्ययन
दौरे के दौरान विधायक यह भी देखेंगे कि अंडमान-निकोबार का स्थानीय प्रशासन युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में किस तरह काम कर रहा है। वहां अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और योजनाओं का अध्ययन कर यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि हरियाणा में भी युवाओं के हित में किन नई पहल को लागू किया जा सकता है।
कमेटी में ये 10 विधायक शामिल
इस कमेटी के चेयरमैन विधायक मनमोहन भड़ाना हैं। उनके अलावा डेलिगेशन में हरिंदर सिंह, निखिल मदान, सतपाल जांबा, बलराम दांगी, जस्सी पेटवाड़, विनेश फोगाट, अर्जुन चौटाला, देवेंद्र चतुर्भुज और शिशपाल केहरवाला शामिल हैं।
दौरे के बाद विधानसभा को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
अंडमान-निकोबार के अध्ययन दौरे के बाद यूथ वेलफेयर कमेटी अपनी रिपोर्ट हरियाणा विधानसभा को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश में युवाओं के विकास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में पहले से चल रहे कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए नए कदम उठाने और संभावित योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
बता दें कि हरियाणा विधानसभा की विभिन्न समितियां समय-समय पर अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का अध्ययन भ्रमण करती हैं। इन दौरों का उद्देश्य वहां की व्यवस्थाओं और योजनाओं का अध्ययन कर प्रदेश में बेहतर नीतियां बनाने में सहयोग करना होता है।
