रोहतक, 3 नवंबर। त्योहारी सीजन के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन, हरियाणा के दिशा-निर्देशों तथा अतिरिक्त उपायुक्त के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में विशेष जांच एवं सैंपलिंग अभियान चलाया। इस दौरान रोहतक, महम, कलानौर और सांपला क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल 91 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रोहतक की टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत 61 एनफोर्समेंट सैंपल तथा 30 सर्विलांस सैंपल एकत्रित किए गए। इसके अलावा विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया, ताकि त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।

खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने तीन दुकानों से 238 किलोग्राम नकली पनीर, एक दुकान से 80 किलोग्राम घटिया गुणवत्ता का खोया तथा एक दुकान से 72 किलोग्राम खराब गुणवत्ता की मिठाइयां जब्त कर नष्ट करवाईं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे त्योहारी सीजन के दौरान सभी मिठाइयों पर उचित लेबल अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। लेबल पर मिठाई में इस्तेमाल की गई सामग्री तथा उसमें प्रयुक्त घी के प्रकार की स्पष्ट जानकारी देना सुनिश्चित करें।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!