रोहतक में ठगी करने वाले गिरोह में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान परमेश निवासी गांव अगोन नूंह के रूप में हुई है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी को अंजाम दिया था। कलानौर थाना पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यूट्यूब पर भैंस बेचने की ऐड डाल रखी थी, जिसे काहनौर निवासी रानी ने देखकर आरोपियों से संपर्क किया। आरोपियों ने रानी से 65 हजार रुपए में भैंस का सौदा किया था।
रानी ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम व पता मगला डेयरी राजस्थान बताया था और 6 हजार रुपए एडवांस देने को कहा था। उसने 6 हजार एडवांस ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 57 हजार रुपए एडवांस ट्रांसफर करवा लिए। रानी ने बताया कि आरोपी ने फोन पर कहा कि उसके दिए पते पर भैंस भेज दी है और एक गाड़ी ड्राइवर का नंबर भी दिया। जब उसने फोन किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। उसे अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को काबू किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि आरोपी के अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।
