हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि वर्ष 2023 की खरीफ और रबी फसल का करीब 250 करोड़ रुपये का लंबित बीमा मुआवजा जल्द किसानों के खातों में पहुंच जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार के हस्तक्षेप के बाद बीमा कंपनी ने हाई कोर्ट से अपना केस वापस ले लिया है।

जेपी दलाल ने आरोप लगाया कि करीब 350 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम मंजूर हुआ था, लेकिन कंपनी ने केवल 100 करोड़ रुपये जारी किए और बाकी 250 करोड़ रुपये देने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि किसान लंबे समय तक धरने पर बैठे रहे और उन्होंने भी लगातार इस मामले की पैरवी की।

पूर्व मंत्री ने दावा किया कि बीमा राशि समय पर नहीं मिलने से चुनाव प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव से पहले पूरा 350 करोड़ रुपये किसानों को मिल जाता, तो इसका असर चुनाव परिणाम पर पड़ता और वह 700 वोटों से चुनाव नहीं हारते।

जेपी दलाल ने कहा कि उन्हें संदेह है कि बीमा क्लेम रोकने के पीछे किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति का गहरा षड्यंत्र था। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग करेंगे ताकि यह पता चल सके कि किसानों का पैसा किसके कारण रोका गया।

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक बीमा मुआवजा लोहारू विधानसभा क्षेत्र का था। पहले 100 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, जबकि अब शेष 250 करोड़ रुपये भी किसानों को मिलने की उम्मीद है। उनके अनुसार इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

दलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही संकेत दिया था कि यदि बीमा कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी तो भुगतान नहीं होगा। अब कंपनी द्वारा हाई कोर्ट से केस वापस लेने के बाद भुगतान में कोई बाधा नहीं है और एक सप्ताह से दस दिन के भीतर किसानों के खातों में राशि पहुंच सकती है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!