हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के दूसरे कार्यकाल का पहला साल 17 अक्टूबर को पूरा होने जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा आने की संभावना है। सीएम सैनी खुद दिल्ली जाकर पीएम को निमंत्रण दे चुके हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 18 अक्टूबर को अंबाला कैंट में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।
अंबाला को चुनने के पीछे अहम वजह यहां करीब 600 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा वार मेमोरियल (वीर शहीदी स्मारक) और डोमेस्टिक एयरपोर्ट है, जिनका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। इससे पहले 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रोहतक और कुरुक्षेत्र में कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। अगर पीएम का यह दौरा तय होता है, तो एक महीने में केंद्रीय नेताओं का यह दूसरा बड़ा दौरा होगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी, राज्य सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रतिमाह की पहली किस्त महिला लाभार्थियों को सौंप सकते हैं। अगस्त 2014 से अब तक पीएम मोदी 16 बार हरियाणा मे आ चुके हैं और यह उनका 17वां दौरा होगा।
