हरियाणा के पानीपत स्थित जीटी रोड पर बने PIET (पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) के वाइस चेयरमैन राकेश तायल से 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कुख्यात अपराधी हैरी बॉक्सर बताते हुए विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल और वॉइस नोट भेजकर 24 घंटे के भीतर रकम देने की धमकी दी। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कॉलेज के पूर्व छात्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे राकेश तायल कॉलेज परिसर में मौजूद थे। तभी उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए कहा कि वह उनके परिवार और समालखा में चल रहे तीन स्कूलों व एक कॉलेज के बारे में पूरी जानकारी रखता है।

आरोपी ने 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद उसने WhatsApp पर वॉइस नोट भी भेजा और कहा कि अगर उसकी पहचान पर शक हो तो YouTube पर उसका नाम सर्च कर उसकी आवाज सुन सकते हैं। साथ ही धमकी दी कि नंबर ब्लॉक करने या पुलिस के पास जाने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

मामले की शिकायत मिलने के बाद समालखा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच सीआईए-वन को सौंपी। पुलिस ने अमित, रोहित, अजय और रिहान नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो आरोपी पानीपत के अदियाना गांव और दो गोहाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रिहान पहले इसी शिक्षण संस्थान का छात्र रह चुका है। उसे संस्थान के चेयरमैन और उनकी आर्थिक स्थिति की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर रंगदारी की साजिश रची। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड क्या है।

कौन है हैरी बॉक्सर?

  • असली नाम हरि चंद, राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला।
  • पहले बॉक्सिंग की ट्रेनिंग देता था और सरकारी नौकरी की तैयारी भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
  • वर्ष 2022 के बाद से फरार है और उसका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आया।
  • जांच एजेंसियों के अनुसार, बाद में उसका नाम लॉरेंस गैंग से भी जोड़ा गया और वह कुख्यात गैंगस्टरों के नेटवर्क तक पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!