Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मुरथल के कैफे में पार्टी के बाद युवकों ने किया भारी हंगामा, फायरिंग और मारपीट का आरोप; DVR साथ ले गए आरोपी

सोनीपत के मुरथल रोड़ स्थित रफ्तार कैफे में पार्टी के बाद देर रात जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है।आरोप है कि कुछ युवकों ने कैफे कर्मचारियों के साथ मारपीट की, पिस्तौल से फायरिंग की, होटल में तोड़फोड़ की और सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला मुरथल-सोनीपत रोड स्थित रफ्तार कैफे का है। कैफे संचालक अनिल आंतिल के अनुसार 1 अगस्त को कैफे का पार्टी हॉल बुक किया गया था। पार्टी खत्म होने के बाद भी कुछ युवक कैफे की छत पर बैठे रहे। आरोप है कि देर रात नीचे आने के बाद उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल से फायरिंग भी कर दी। कर्मचारी इस फायरिंग में बाल-बाल बच गए।आरोप है कि हमलावरों ने कैफे में तोड़फोड़ की और घटना के सबूत मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कैफे के तीन कर्मचारियों ने आरोपियों का साथ दिया और फायरिंग के बाद खाली कारतूस हटाने में मदद की।घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और वीडियो व तस्वीरें ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड कीं। घायल कर्मचारियों का मेडिकल कराया गया, जिसमें शरीर पर कई चोटों का उल्लेख किया गया है।फिलहाल मुरथल थाना पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि मुरथल सोनीपत रोड पर स्थित एक कैफे से मारपीट और फायरिंग की वारदात होने की सूचना मिली थी। कैफे मलिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुरथल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version