सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक युवक को निहंगों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे गुरुद्वारे ले जाकर संगत के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। इस दौरान युवक के माता-पिता भी वहां पहुंचे और बेटे की हरकत पर नाराजगी जताते हुए उसे थप्पड़ मारे। निहंगों ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा हुई तो उसे माफी का मौका नहीं मिलेगा।

यह पूरा घटनाक्रम निहंग जसविंदर सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के बाद सामने आया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस या संबंधित युवकों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक लाइव स्ट्रीम का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवती के पीछे श्री गुरु नानक देव जी की तस्वीर लगी हुई दिखाई दे रही थी। इसी दौरान लाइव में जुड़े एक युवक ने तस्वीर को लेकर सवाल पूछे, जिसके बाद हुई बातचीत को लेकर सिख समाज में नाराजगी फैल गई। वीडियो वायरल होने के बाद निहंगों ने कार्रवाई करते हुए उसमें दिखाई देने वाले एक युवक को गुरुग्राम स्थित उसके घर से पकड़ लिया।

गुरुद्वारे में मंगवाई सार्वजनिक माफी

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के अनुसार, युवक को गुरुद्वारे ले जाया गया, जहां संगत के सामने उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। वीडियो में उसके माता-पिता भी दिखाई देते हैं, जिन्होंने बेटे के व्यवहार को गलत बताते हुए नाराजगी जाहिर की। युवक ने कहा कि उससे गलती हुई है और वह भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेगा।

पहले भी विवादों में रह चुका है युवक

बताया जा रहा है कि यह युवक पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब आठ महीने पहले गुरुग्राम में उसने लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान एक गाय को कथित तौर पर चिकन मोमोज खिलाए थे। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताया था। युवक से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई थी और उसके खिलाफ पुलिस में मामला भी दर्ज कराया गया था।

गाय को चिकन मोमोज खिलाने का वीडियो हुआ था वायरल

जानकारी के अनुसार, युवक लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान मोमोज खाने का चैलेंज कर रहा था। जब वह मोमोज नहीं खा पाया तो उसने प्लेट में बचे मोमोज एक गाय के सामने रख दिए। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी की पहचान गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी निवासी ऋतिक के रूप में हुई थी, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीए इंग्लिश ऑनर्स का छात्र बताया गया था।

पुलिस की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान

फिलहाल श्री गुरु नानक देव जी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले दूसरे युवक के संबंध में भी कोई नई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से मामले की पुष्टि होने का इंतजार किया जा रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!