करनाल में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। गेहूं अनुसंधान केंद्र के बाहर राहगीरों ने युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतक आगरा का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की पहचान और उसके परिचितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। आरोपी की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

