Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बीच बाजार युवक की 6 गोलियां मारकर हत्या: फूड डिलीवरी एप की टी-शर्ट पहने आए 2 हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

गुरुग्राम में शुक्रवार रात एक युवक पर जमकर फायरिंग की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। युवक पर गोलियां दो अन्य युवकों ने चलाईं। इस दौरान करीब एक दर्जन फायर किए गए, जिनमें से करीब 6 गोलियां टारगेट को लगीं। मृतक की पहचान गुरुग्राम के गांव कादरपुर निवासी अनुज कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फिलहाल हमलावरों का कुछ पता नहीं चल सका है। चश्मदीदों का कहना है कि हमलावरों दोनों युवकों ने फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो और ब्लिंकिट की टी-शर्ट पहनी हुई थीं।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे अनुज गुरुग्राम के गांव उलावास की मार्केट में था। इसी दौरान वहां दो युवक आए और उन्होंने अनुज पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। भरी मार्केट में गोलियां चलने के कारण लोगों में खलबली मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजदू लोगों ने बताया है कि इस दौरान करीब 12 गोलियां चली हैं। इनमें से करीब 6 गोलियां युवक को लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। वे डिलीवरी बॉय लग रहे थे। उन्होंने जोमैटो और ब्लिंकिट कंपनी की टी-शर्ट पहनी थी।

हमलावरों के जाने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के कुछ देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लोगों की सहायता से उठाकर अस्पताल पहुंचाया। युवक काफी देर तक मौका-ए-वारदात पर पड़ा तड़पता रहा था। उसने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।पुलिस अब इस मामले में आसपास लगे CCTV खंगाल रही है, ताकि हमलावरों का कोई सुराग मिल सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। फिलहाल, हमलावरों का कोई सुराग नहीं है।

Exit mobile version