रोहतक पुलिस की एएनसी स्टाफ की टीम ने सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुये वारदात को अंजाम देने की फ़िराक़ में घूम रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को अवैध हथियार सहित काबू करने मे सफलता प्राप्त की है। आरोपी से 02 देसी कट्टा/पिस्तौल व 39 रौंद बरामद हुये है। आरोपी को पेश अदालत किया गया है। अदालत के आदेश पर आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग अंकित कर कार्यवाही की गई हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

एएनसी स्टाफ प्रभारी पी/एस.आई. मनोज कुमार ने बताया कि स.उप.नि. संदीप के नेतृत्व मे पुलिस टीम मकडौली टोल के पास गश्त मे मौजूद थी। दौराने गश्त सूचना मिली की खिडवाली निवासी युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फ़िराक़ में अवैध हथियार सहित घूम रहा है। सूचना के आधार पर तुंरत कार्यवाही करते गांव चमारिया रोड नजदीक एचपी पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी करते हुये वाहनो की चैकिंग करनी शुरु की। खिडवाली से चमारिया की तरफ से आ रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को शक के आधार पर काबू किया गया। युवक की पहचान नवीन पुत्र सुखबीर निवासी गांव गढवाली हाल खिडवाली के रुप मे हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर युवक के पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल व 39 रौंद बरामद हुआ है। युवक के खिलाफ अभियोग संख्या 341/2024 अंकित कर गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जांच उप.नि. जितेंद्र द्वारा अमल में लाई गई। जाच में पाया गया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ 2011 में जुलाना, 2014 में रेवाड़ी व 2015 में भिवानी में अभियोग अंकित है जिनमे आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।
आरोपी 2023 में आगरा में एक कोरियर कंपनी में काम करता था। कंपनी मुख्य रूप से सोना व चांदी के आभूषणों को कोरियर करने का काम करती थी। आरोपी नवीन ने अगस्त 2023 में अपने साथियों के साथ मिलकर लाखों रुपये की चांदी का गबन किया था। क़रीब एक क्विंटल से अधिक की चांदी का गबन होना पाया गया था। जिस संदर्भ में कॉरियर कंपनी द्वारा अपने कर्मचारियों के खिलाफ थाना हरीपर्वत, आगरा में अभियोग अंकित करवा रखा है। जिसमे आरोपी नवीन के कई साथी गिरफ्तार हो चुके है। उक्त मामले में आरोपी नवीन फरार चल रहा है। आरोपी नवीन से गहनता से पूछताछ की जा रही है। आरोपी से अन्य वारदातों बारे भी खुलासा होने की उम्मीद है।
